तहसील दिवस की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
नगीना। तहसील दिवस में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन एसडीएम वीरेंद्र मौर्य को सौंपा। एडीएम विनोद कुमार गौड़ ने तहसील दिवस में आने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को तहसील प्रांगण में आयोजित तहसील समाधान दिवस में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष बाबू डूंगर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम वीरेंद्र मौर्य को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के किसानों को तुरंत कर्जा मुक्त किए जाने, किसान की फसलों का मूल्य डेढ़ गुना करने, गौशालाओं में चारे एवं देखभाल की व्यवस्था कराने, गन्ना भुगतान का शीघ्र कराने, धान का मूल्य भुगतान 2200 रुपये कराने, पेट्रोल डीजल के दामों में कमी कराने, बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने, खाद की कीमतों में कमी करने, भूमि अधिग्रहण कानून को बदल कर किसानों की जमीन छीनने की साजिश को रोकने की मांग की। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुफ्ती मोनिश हुसैन, ब्लॉक अध्यक्ष काजी अरशद मसूद, राकेश मिश्रा एडवोकेट, इश्तियाक अहमद बाबू भाई, प्रदीप ठाकुर उपस्थित रहे।
तहसील समाधान दिवस में एडीएम ने मृतक रेलकर्मी नेक लाल की पत्नी चंदा को 469640 रुपये का चेक प्रदान किया। तहसील दिवस में 80 शिकायतें आई जिनमें से आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर सीओ अर्चना सिंह, तहसीलदार हामिद हुसैन, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी, पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह, एसडीओ विद्युत अंकित कुमार सहित सभी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।