मंडावली के गांव राहतपुर में अबोध बालिका की मौत पर परिजनों से जानकारी करते सीओ।
- फोटो : NAZIBABAD
पति-पत्नी के विवाद में मासूम की गई जान
नजीबाबाद (बिजनौर)। पति-पत्नी के बीच मामूली से विवाद में नौ वर्षीय बच्ची की जान चली गई। बच्ची की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। आरोपी के ससुर ने पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मंडावली थाना क्षेत्र के गांव राहतपुर में ससुराल आए मंडावली निवासी नाजिम का पत्नी महताब से विवाद हो गया। आरोप है कि नाजिम ने पूर्व में पत्नी से मारपीट की। हालचाल पूछने मंडावली आई सास से भी अभद्रता की। वापसी पर सास की गांव राहतपुर पहुंचने पर तबीयत खराब हो गई। नाजिम की पत्नी अपनी मां को देखने राहतपुर पहुंची तो नशे में धुत नाजिम अपनी ससुराल पहुंच गया और अपनी पत्नी पर जबरन वापस चलने का दबाव बनाने लगा। इससे पहले कि ससुराल पक्ष के लोग बीच-बचाव कर पाते, नाजिम ने नशे की हालत में अपनी नौ वर्षीय बच्ची हिदाया को जमीन पर पटक दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना पर सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने मौका मुआयजना किया। परिजनों ने बताया कि नाजिम केदारनाथ उत्तराखंड में खच्चर चलाकर मजदूरी करता था। कोरोना काल में केदारनाथ यात्रा बंद होने के बाद से वह मंडावली में रहकर शराब पीने का आदी हो गया था। नाजिम के ससुर राहतपुर निवासी मो.इरफान ने तहरीर देकर आरोपी नाजिम, भाई शरीफ, पिता हनीफ और उसकी मां के खिलाफ पुत्री महताब के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।