कृषि वैज्ञानिकों ने गन्ने की खेती की जानकारी दी
नहटौर। गन्ना विभाग की ओर से नहटौर ब्लॉक परिसर में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को गन्ने की नई प्रजातियों के बीज बोने व वसंतकालीन गन्ने की बुवाई की जानकारी दी।
गोष्ठी में नगीना कृषि अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक केके सिंह, डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान पुरानी प्रजाति के साथ-साथ नई प्रजातियों के गन्ने की बुआई अवश्य करें। उन्होंने कहा कि गन्ने में बीमारी लगने के शुरुआती दौर में अपने खेतों को कीटों से बचाएं। इस मौके पर वसंत कालीन गन्ने की बुवाई पर जोर दिया गया। ट्रेंच विधि से गन्ने की बुआई करने के लिए कहा गया। इस मौके पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक धामपुर अमित पांडेय ने किसानों को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए अनुदान पर मिलने वाले यंत्रों की जानकारी दी। इस मौके पर धामपुर गन्ना समिति के सचिव मनोज कुमार, बीडीओ ब्रज भूषण सिंह, एडीओ कृषि हरि सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, राजेंद्र सिंह मौजूद थे।