कोविड गाइडलाइन के तहत मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह केंद्र एवं प्रदेश सरकार की ओर से जारी कोविड-19 की गाइडलाइन के तहत परंपरागत रूप से मनाया जाएगा।
शुक्रवार को डीएम उमेश मिश्रा ने विकास भवन सभागार में 15 अगस्त राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों के संबंध में बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया। बताया कि इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, पंथ निरपेक्षिता एवं सांप्रदायिक सौहार्द की भावना को शक्तिशाली बनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से संक्षेप में स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास बताएं और ऑनलाइन ही पेंटिंग, स्लोगन, निबंध आदि प्रतियोगिता आयोजित कराएं। ये भी निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 14 एवं 15 अगस्त की रात में सरकारी कार्यालयों-भवनों तथा अन्य इमारतों एवं स्वतंत्रता संग्राम से संबंधित ऐतिहासिक स्मारकों को रोशन किया जाए। बैठक में सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एडीएम प्रशासन भगवान शरण, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश कुमार मिश्रा, एसडीएम विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित समस्त विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।