बिजनौर में लगातार कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़ने पर भी बाजार में उमड़ रही भीड़।
- फोटो : BIJNOR
सड़कों पर बढ़ी भीड़, चेहरों से मास्क हो रहे गायब
बिजनौर। कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ने के साथ साथ बाजार में भीड़ भी बढ़ती जा रही है। चिंता की बाद यह है कि भीड़ बढ़ने के साथ ही लोगों के चेहरों पर मास्क भी गायब होता जा रहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद लोग मास्क लगाने परहेज कर रहे हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण के केस लगातार सामने आते जा रहे हैं। गांव और शहर दोनों जगह केस मिल रहे हैं। जनता खुद भी लक्षण दिखने पर संक्रमण की जांच कराने के लिए आगे आ रही है। घर, पड़ोस में संक्रमण के केस लगातार सामने आने के बाद भी जनता अब संक्रमण से बचने के लिए चेत नहीं रही है। बाजार में सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ आ रही है। रविवार छुट्टी का दिन होने के बाद भी सड़कों पर भीड़ रही। मुख्य बाजार, नगर पालिका चौक, शास्त्री व जजी चौक पर भी जाम के हालात रहे। भीड़ में लगातार जुट रहे लोग अब मास्क लगाने से भी परहेज करने लगे हैं। शहर में आधे से ज्यादा लोग बिना मास्क के ही घूम रहे हैं। एसडीएम विक्रमादित्य मलिक का कहना है कि संक्रमण बढ़ने से रोकने के लिए एहतियात बरतनी बहुत जरूरी है। हर हाल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। जनता घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाए।