संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिषदीय स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील में दूध और फल के बाद अब रेवड़ियां और गजक भी दी जाएंगी।
सर्दी के मौसम में बच्चों को ठंड से बचाने और पोषण देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। रेबड़ी के अतिरिक्त गजक, गुड़ चिक्की और तिल-गुड़ से बने समान भी दिए जा सकते हैं। इनसे शरीर को एनर्जी मिलती है। क्योंकि गुड़ और तिल में आयरन, कैल्शियम, जिंक जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।
जनपद में 2120 परिषदीय स्कूलों में करीब 250 लाख छात्र छात्राएं पढ़ते हैं। स्कूलों में पढ़ने आने वाले छात्रों को सोमवार को फल, बुधवार को दूध दिया जाता है। छात्रों को पर्याप्त पोषण मिलता रहे। इसके लिए मिड डे मील का मेन्यू भी प्रतिदिन के हिसाब से निर्धारित है। सोयाबीन और मौसमी सब्जियों को शामिल किया गया है।
अब शासन ने फिर से सर्दियों के लिए मिड डे मील में अतिरिक्त खाद्यान्न को शामिल किया है। अब हर सप्ताह में बृहस्पतिवार को गजक, रेबड़ियां, तिल-गुड़ से बने सामान या फिर गुड़ चिक्की दी जाएगी। शिक्षा विभाग के अनुसार मिड डे मील में अतिरिक्त खाद्यान्न के लिए प्रति छात्र की दर से पांच रुपये निर्धारित किए गए हैं। यह धनराशि कनवर्जन कॉस्ट में दी जाएगी।ा