सपा-बसपा सरकार में कुछ कुनबों का ही पेट भरा : कपिलदेव
बिजनौर। जिले के प्रभारी मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने प्रदेश सरकार की तीन साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस ने 50 साल तक गरीबी हटाने का केवल नारा दिया, गरीबी नहीं हटाई। सपा और बसपा सरकार में केवल कुछ कुनबों का ही पेट भरा। भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों पर बिना भेदभाव के काम कर रही है।
विकास भवन में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग कपिलदेव अग्रवाल ने सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की पुस्तक का विमोचन किया। कहा कि पहले किसान बिजली आने पर खेत में ट्यूबवेल चलाने जाता था तो उसके जाने से पहले बिजली गुल हो जाती थी। खेत में बदमाश कनपटी पर तमंचा लगाकर किसान को लूट लेते थे। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सुशासन स्थापित किया है। अब प्रदेश में गुंडागर्दी नहीं व्यवसाय और विकास की बात होती है। पहले गरीब का पूरा राशन डकार लिया जाता था। लेकिन ईपोस मशीन व्यवस्था लागू होने से अब गरीब को पूरा अनाज मिल रहा है। कहा कि बसपा और सपा सरकार में शराब के नाम पर भी जनता को लूटा गया। एक अनपढ़ शराब कारोबारी ने तो दस हजार करोड़ की यूनिवर्सिटी खोल ली।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पहली सरकारों में कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगा दी जाती थी। आज कांवड़ लाने वाले शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जाते हैं। अब कांवड़ यात्रा भी हो रही है और मस्जिदों में नमाज भी हो रही है। कहा कि भाजपा विकास की योजनाओं के साथ साथ घर-घर पहुंच रही है। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, उज्ज्वला योजना आदि के बारे में भी बताया। इस दौरान डीएम रमाकांत पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, विधायक सुचि मौसम चौधरी व कमलेश सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्रप्रताप सिंह, पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह व यशवंत सिंह, सीडीओ केपी सिंह, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्र आदि मौजूद रहे।
------------
विदुर कुटी के पास गंगा की धारा लाने का प्रयास
प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता में जिले में कोरोना से बचाव को फेस मास्क व सैनिटाइजर की कालाबाजारी होने पर मामले को दिखवाने को कहा। उन्होंने कहा कि विदुर कुटी के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए केंद्र सरकार से बजट जारी किया गया है। विदुर कुटी के पास गंगा की धारा लाने की कोशिश की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना में घोटालों की जांच कराने को कहा। कहा कि वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग की गई है। दिखवाया जाएगा कि वर्तमान में पेड़ों की क्या स्थिति है। नजीबाबाद बस स्टैंड पर अवैध कब्जे को लेकर कहा कि वे इस मामले को दिखवा रहे हैं।