बिजनौर में छाता लगाकर जाते ट्रैक्टर सवार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में शुक्रवार रात आई तेज बारिश और हवा ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी। बिजली इतनी तेज आवाज के साथ कड़की की सभी डर गए। शनिवार को भी पूरा दिन रुक रुक कर बारिश होती रही। हवा चलने से पूरे जिले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दोपहर तीन बजे तक जिला मुख्यालय पर बिजली आपूर्ति बहाल हुई। बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। गेहूं और गन्ने के लिए यह बारिश वरदान साबित होगी। हालांकि सरसों की फसल गिरने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। पूरे जिले में 27 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे से ही आसमान में बादल छाने लगे थे। कुछ बूंदाबांदी भी हुई। रात करीब एक बजे तेज हवा और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब चार बजे तक तेज बारिश हुई। कई मोहल्लों में पानी भर गया। बारिश और हवा के कारण लगभग पूरे जिले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात को बिजली इतनी तेज आवाज के साथ कड़की कि लोग डर गए। सुबह को भी यही हाल रहा। तेज हवा से गन्ने की फसल भी गिर गई। शनिवार को भी पूरा दिन ठंडी हवा चली और रुक रुक कर बारिश होती रही। बारिश ने मौसम को एकदम से ठंडा कर दिया है। बारिश और तेज हवा के प्रकोप से सहमे लोग घरों में रजाई में दुबके रहे। बारिश और तेज हवा के कारण जिले भर में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई जगह बिजली लाइन में फाल्ट हुए। शनिवार दोपहर चार बजे तक जिला मुख्यालय पर बिजली बहाल हुई। बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। गिरा तापमान गेहूं की फसल के बहुत फायदेमंद साबित होगा। ठंड होने से गेहूं का उत्पादन बढ़ेगा। हवा से गन्ने की फसल तो गिर गई, लेकिन इससे फसल को कोई खास नुकसान नहीं होगा। सरसों की फसल गिरने से उत्पादन गिरेगा। बारिश से खेतों में पानी भर गया है। इसका असर गन्ने की छिलाई व मिल में गन्ने की आपूर्ति पर भी पड़ेगा।
नगीना स्थित मौसम वेधशाला प्रेक्षक डा.आरके शर्मा के अनुसार अभी बादल छाए हुए हैं और आर्द्रता भी अधिक है। बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं अफजलगढ़ में नहरों में सिंचाई के लिए पानी की किल्लत के चलते किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन बारिश होते ही किसानों के चेहरे खिल उठे। गेहूं, गन्ना और अन्य फसलों को पानी मिलने से लाभ होगा।
किसान अनिल राठी, विजेंद्र सिंह, रूठ सिंह, इंदर सिंह, तेज सिंह, कश्मीर सिंह, विक्रम सिंह आदि का कहना है कि ऐसा मौसम फसल के लिए बेहद जरूरी है। वहीं नींदडू़ में शनिवार को रुक रुक कर दिन भर बारिश होती रही। किसान फरमूद, शादाब, शाहिद, आफताब तथा रियासत आदि ने बताया कि बारिश से गन्ना, गेहूं तथा आम आदि फसलों के लिए बहुत लाभकारी है। बारिश का प्रभाव आगामी गन्ने की फसल पर भी पड़ेगा।