नजीबाबाद में युवक की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में हरिद्वार मार्ग पर मालन नदी पुल के पास एक होटल में सबमर्सिबल की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक मिस्त्री की मौत हो गई। यह घटना देखने वाले लोगों की चीख निकल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गुरुनानक कालोनी निवासी जियाउल इस्लाम का पुत्र गुलशेर (30) सोमवार को जब सबमर्सिबल की मरम्मत कर रहा था तो बोरिंग से जुड़ा भूमिगत लोहे का पाइप निकालते समय वह ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से गुलशेर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। करंट इतना जबरदस्त था कि गुलशेर के शरीर का कुछ हिस्सा बिखर गया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों के रौंगटे खड़े हो गए।
करंट फैलने से घटनास्थल पर आग भी लग गई। देखते ही देखते क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। विद्युत लाइन ट्रिप होने पर लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर गुलशेर के परिजन और एसआई अमन सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने गुलशेर का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। मृतक के भाई की ओर से होटल संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी गई है।