गला घोंटकर की गई थी इकरामुद्दीन की हत्या
बिजनौर। दो दिन पूर्व जंदरपुर निवासी इकरामुद्दीन की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा होने पर मृतक की पत्नी समेत दो लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव अमीपुर सुधा उर्फ जंदरपुर निवासी 30 वर्षीय इकरामुद्दीन ऋषिकेश में कबाड़ी का काम करता था। पत्नी गुलशन भी दो पुत्रियों के साथ पति के साथ रहती थी। एक सप्ताह पहले इकरामुद्दीन पत्नी व बच्चों के साथ गांव आया । शनिवार की दोपहर वह घर से गया था। इसके बाद घर नहीं लौटा। रविवार को इकरामुद्दीन का शव गांव गजरोला शिव बिजली घर के पीछे आम के बाग के पास गड्ढे में पड़ा मिला था। मृतक के गले व चेहरे पर चोट के निशान थे। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने मृतक के ससुर व साले को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इकरामुददीन के भाई ने मृतक की पत्नी गुलशन समेत दो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या करने से पहले मृतक को शराब पिलाई गई थी।
एसपी सिटी डा. प्रवीण रंजन सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इकरामुुद्दीन की गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हुई है। पत्नी समेत दो के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।