नूरपुर में आईजी जोन विजय प्रकाश ने थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान मालखाने एवं आरक्षी आवास के आसपास गंदगी देखकर उनका पारा चढ़ गया। प्रभारी निरीक्षक को उन्होंने साफ सफाई कराने के कड़े निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार की शाम पुलिस आईजी विजय प्रकाश नूरपुर थाने पहुंचे। मालखाने, शस्त्रागार, मैस एवं अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मालखाने और आरक्षी आवास के आसपास गंदगी देखकर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक केएम दोहरे को थाने की साफ सफाई के निर्देश दिए। आरक्षी आवास में लटके बिजली के तारों को दुरुस्त करने के अलावा पुराने आवासों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व थाने में आयोजित ग्राम प्रधानों एवं नागरिकों की बैठक में उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा लोगों की सेवा और सहयोग के लिए तैयार है। सरकार की मंशा के अनुसार लॉ एंड आर्डर से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उत्सव की आड़ में उपद्रव करने वालों एवं महिलाओं के प्रति अपराधों पर सरकार पूरी तरह से गंभीर है। ऐसा करने वालों के विरुद्घ एनएसए तक की कार्रवाई की जाएगी। एसपी अजय कुमार साहनी ने कहा कि पुलिस के किसी कर्मचारी से कोई शिकायत है तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसपी देहात डा. धर्मवीर सिंह, एसपी सिटी कैप्टन एमएम बेग, सीओ रामानंद कुशवाहा, सीओ यशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।