परीक्षार्थी पर डिवाइस मिली तो केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई:डीएम
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि दसवीं व 12वीं की अंक सुधार परीक्षा में परीक्षार्थी के पास मोबाइल या कोई इलेक्ट्रानिक डिवाइस मिलता है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई होगी। जिले के प्रत्येक ब्लॉक क्षेत्र के 11 परीक्षा केंद्रों पर अंक सुधार परीक्षा नकल विहीन कराई जाएगी।
डीएम ने कहा कि 18 सितंबर से छह अक्तूबर तक होने वाली अंक सुधार परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर की परिधि में कोई भी फोटो स्टेट अथवा इलेक्ट्रॉनिक सामग्री विक्रय से संबंधित कोई भी दुकान न खुले। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुरुष व महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगायी जाए और परीक्षार्थी की सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिले। डीआईओएस राजेश कुमार को निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व परीक्षा केंद्रों के टॉयलेट में भी बारीकी से चेकिंग कराएं। परीक्षार्थियों की सतत निगरानी के लिए परीक्षा कक्षों के अलावा गैलरी में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
बताया कि परीक्षा संपन्न कराने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा स्टेटिक्स मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। डीआईओएस को परीक्षा के समय प्रश्न पत्र खोलने की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन भगवान शरण दास व अन्य अफसर मौजूद रहे।