बिजनौर में पराग से जुड़े दूध उत्पादकों की शासन ने सुध ली है। दूध के मूल्यों में ढाई रुपये की बढ़ोतरी की गई है। बढ़े हुए मूल्य शनिवार से ही लागू हो जाएंगे। मूल्य बढ़ने से हजारों किसानों को लाभ होगा।
बृहस्पतिवार मुरादाबाद मंडल के जीएम एसआर राणा व बिजनौर के प्रभारी दलजीत सिंह ने खानपुर, सैदाबाद, सिकंदरी गांवों व बिजनौर कार्यालय में समिति संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में किसानों ने दूध का मूल्य कम होने का मुद्दा उठाया। किसानों ने बताया कि वर्तमान में दूध का मूल्य साढ़े 33 रुपये हैं। किसानों ने दूध का मूल्य कम बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग की। किसानों की मांग को देखते हुए दूध के मूल्यों में बंपर ढाई रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पराग द्वारा कई सालों से इतने रुपये की एकमुश्त वृद्धि नहीं की गई है। अब पराग द्वारा किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का मूल्य बढ़कर 36 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पराग से जिले में 30 हजार से अधिक किसान जुड़े हैं। किसानों की आय में भी अच्छी बढ़ोतरी होगी। मुरादाबाद मंडल के जीएम एसआर राणा के अनुसार दूध के मूल्य में वृद्धि कर दी गई है। किसानों का पिछला बकाया भुगतान भी बहुत जल्दी करा दिया जाएगा।