बिजनौर बदायूं स्टेट हाईवे पर हादसे में करने वाले इरशाद और उसकी अंजुम के फाइल फोटो
- बिजनौर बदायूं स्टेट हाईवे पर बवनपुरा पुलिस चौकी के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कलां। बिजनौर बदायूं स्टेट हाईवे पर किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार इरशाद (43) और उसकी पत्नी अंजुम (44) की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार की दोपहर एक बजे बवनपुरा पुलिस चौकी के पास हुआ। दंपती की मौत से परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
जनपद अमरोहा के बछरायूं के मोहल्ला फकीरों वाली गली निवासी इरशाद अहमद अपनी पत्नी अंजुम के साथ चांदपुर में रिश्तेदारी में शुक्रवार की सुबह आया। दोपहर बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चांदपुर-धनौरा मार्ग पर बवनपुरा पुलिस चौकी के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सड़क पर दोनों को घायल अवस्था में पड़ा देख राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों को उपचार के लिए सीएचसी चांदपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ चांदपुर देशदीपक ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।