नजीबाबाद । भारी वाहनों को नगर के भीतर आने से रोकने के लिए हाइटगेज लगाने के काम से हाईवे पर यातायात थम गया। फ्लाईओवर, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों पर लगे भयंकर जाम में फंसे लोग चिलचिलाती धूप में बिलबिला उठे।
नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर बने फ्लाईओवर से भारी वाहनों को नगर के बीच आने से रोकने के लिए सेतु निगम द्वारा हाइटगेज बनाया गया था। मंगलवार सुबह सेतु निगम ने हाइटगेज को बेहतर ढंग से लगाने के लिए मार्ग के बीचोंबीच गहरा गड्ढा किया गया। जिससे फ्लाईओवर और हाईवे पर भयंकर जाम की स्थिति बन गई।
कोटद्वार दिशा से तहसील मुख्यालय के सामने तक फ्लाईओवर पर दोनों ओर वाहनों का जमघट लग गया। फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर और हाईवे पर भी छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अजित सिंह मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिसकर्मियों को जाम खुलवाने पर लगाया। करीब एक घंटे की माथापच्ची के बाद जाम खुलने पर जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।