नानौता/लखनौती। हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी के चलते वाशिंग मशीन, टीवी सहित घरेलू सामान जलकर खराब हो गया। घर पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। उधर, लखनौती गांव बाढ़ी माजरा में खेत में आग लगने से किसान का 25 हजार रुपये कीमत का भूसा जल गया।
थाना क्षेत्र के गांव तिलफरा ऐनाबाद निवासी सोनू कश्यप ने बताया कि बृहस्पतिवार की देर शाम उसके मकान के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से अचानक से फ्यूज उड़ने के साथ तेज चिंगारी निकली। इसके चलते उसके घर में रखी वाशिंग मशीन, टीवी, कपड़े बर्तन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर खराब हो गया। पीड़ित ग्रामीण सोनू कश्यप ने बताया कि आग लगने से करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित सोनू कश्यप ने थाने पर सूचना देते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की।
लखनौती में गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव बाढ़ीमाजरा से सटा नकुड़ रोड स्थित गंगोह के मोहल्ला टांकान निवासी राजेश सैनी का खेत है। खेत में करीब छह बीघा गेहूं का भूसा पड़ा था। इसमें शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग काबू नहीं हो सकी। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान का कहना है कि आग से 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।