होटलों, ढाबे और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों की होगी कोरोना जांच
बिजनौर। जिले के होटलों, ढाबों, स्वीट्स और रेस्टोरेंट्स आदि पर कार्य करने वाले कारीगरों और वेटर्स आदि की स्वास्थ्य विभाग कोरोना की जांच कराएगा। इन स्थानों पर लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, वहां पर संक्रमण के फैलने का खतरा अधिक रहता है।
वर्तमान में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। जिले में आए दिन कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों के साथ साथ जिले में मिठाई विक्रेताओं, होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों आदि पर लोगों का आवागमन अधिक रहता है। इन पर काम करने वाले कारीगरों और वेटर्स आदि के संक्रमित होने का खतरा रहता है। साथ ही इनसे होटलों और ढाबों आदि से खाने पीने का सामान खरीदने वालों को भी जोखिम रहता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए होटलों, ढाबों, स्वीट्स सेंटर, रेस्टोरेंट आदि के कारीगर, वेटर आदि स्टाफ की कोविड जांच होगी। सीएमओ डा. विजय कुमार यादव ने बताया कि जिले में करीब साढ़े तीन हजार होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, स्वीट्स सेंटर हैं। इन पर कार्यरत स्टाफ की सैंपलिंग होगी। इनकी कोविड-19 की जांच होने से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और फिर ये आसानी से काम कर सकेंगे।