धामपुर। हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली और ट्रक की हाईवे पर बुधवार सुबह आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
जिला संभल (मुरादाबाद) के असमौली थाने के गांव परियावाली निवासी महीपाल, रनजीत ने बताया कि वह सभी एक ही गांव के हैं। वह हरिद्वार से कांवड़ लेने के लिए मंगलवार को गांव से ट्रैक्टर ट्राली से जा रहे थे।
जब वह सवेरे करीब साढ़े पांच बजे धामपुर में हाईवे पर सारंगा कांवेंट स्कूल के पास मोड़ पर पहुंचे, तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। इस दौरान दीपक (22) पुत्र नौसी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वह स्वयं सहित एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए।
घायलों में शीशपाल सिंह, कुंवरपाल सिंह, सुक्खा, देवेंद्र कुमार, राजीव, हरपाल, सतवीर, ब्रजपाल सिंह शामिल है। ट्रैक्टर ट्राली में करीब 20 श्रद्धालु सवार थे। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में ट्रैक्टर भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
चीख पुकार को सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर के नीचे दबे श्रद्धालुओं को निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह, सीओ अशोक यादव, एएसपी डॉ. धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। डाक्टरों ने आधा दर्जन से ज्यादा घायलों को हायर सेंटर रेफर किया है।
वहीं, लोगों का कहना है कि महाशिवरात्रि के मौके पर धामपुर थाना क्षेत्र में कोई न कोई बड़ी घटना जरूर होती है। पिछले साल हरिद्वार से कांवड़ लेकर शिवभक्त गंतव्य को जा रहे थे। धामपुर में केएम इंटर कालेज के मेन गेट के सामने ट्रैक्टर ट्राली को रोक कर आराम करने लगे थे।
इस दौरान तेज गति से आई अनियंत्रित कार ने ट्रैक्टर ट्राली के नीचे सो रहे करीब एक दर्जन से ज्यादा कांवड़ियों को टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।