ब्रजघाट कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात नेशनल हाईवे पर गंगा पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
नोएडा से लौट रहे थे घर
पुलिस के अनुसार तीनों लोग नोएडा से बिजनौर जिले के चांदपुर कोतवाली क्षेत्र के अपने गांव बामरोला लौट रहे थे। जैसे ही वे ब्रजघाट चौकी के पास गंगा पुल पर पहुंचे, पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सुरेश और गुड्डी की मौके पर मौत
हादसे में मृतकों की पहचान सुरेश (40) और उनकी पत्नी गुड्डी (38) निवासी बामरोला चांदपुर बिजनौर के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मां की हालत गंभीर
दुर्घटना में सुरेश की मां दुलारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत गढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया जा सकता है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीओ स्तुति सिंह के अनुसार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।