- निदेशालय की ओर से जारी समय सारणी में शामिल नहीं किए गए ये विषय
- बोले अधिकारी- शाम तक परीक्षा का सही कार्यक्रम जारी हो जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिषदीय स्कूलों का अर्द्धवार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम जारी हुआ, लेकिन इसमें बड़ी त्रुटि है। कक्षा छह में हिंदी जबकि सात और आठ में विज्ञान की परीक्षा शामिल नहीं है। इसी तरह कला का प्रश्नपत्र दो पालियों में दर्शाया गया है। उधर, इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि शाम तक परीक्षा का सही कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।
जनपद में 2021 परिषदीय प्राथमिक, कंपोजिट और उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित है। इन विद्यालयों में एक लाख 68 हजार 804 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराने का कार्यक्रम जारी किया गया।
कार्यक्रम जारी करने में जल्दबाजी कहें या लिपिकीय त्रुटि हो या कुछ और... इस परीक्षा कार्यक्रम में कई त्रुटि हुई। शिक्षकों के अनुसार जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा छह, सात और आठ में मुख्य विषयों के प्रश्नपत्र ही गायब कर दिए गए है।
कक्षा छह में हिंदी विषय का प्रश्नपत्र नहीं है, जबकि सात और आठ में विज्ञान विषय नदारद है। कला और संगीत विषय को सुबह और दोपहर दोनों पालियों में शामिल कर दिया गया है। कार्यक्रम जारी होते ही शिक्षकों इन विषयों की परीक्षा को लेकर उलझन की स्थिति में आ गए। शिक्षकों ने जिले के अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट करने में जुट हुए।
अर्द्धवार्षिक परीक्षा का जारी कार्यक्रम में आई त्रुटि लिपिकीय त्रुटि हो सकती है। इस संबंध में मुख्यालय को अवगत करा गया है। देर शाम तक त्रुटि दूर होकर नया कार्यक्रम जारी किया जाएगा। - विवेक बंसल, जिला समन्वयक
23 से परीक्षा 30 को परिणाम
अर्धवार्षिक परीक्षा 23 दिसंबर से शुरू होंगी और 30 दिसंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा। 28 दिसंबर तक प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा होनी है। शिक्षकों को 29 दिसंबर को ही परिणाम तैयार करना होगा। 30 दिसंबर को अभिभावकों की बैठक बुलाकर उन्हें बच्चों का परीक्षा परिणाम देना होगा।