नजीबाबाद में कोटद्वार ब्रांच लाइन पर स्लीपर बदलते रेल कर्मचारी।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच जल्द दौड़ेंगी हाईस्पीड ट्रेनें
नजीबाबाद। नजीबाबाद-कोटद्वार ब्रांच लाइन के विद्युतीकरण के बाद जल्द ही रेलवे ट्रैक पर 110 किमी रफ्तार से ट्रेनों का आवागमन होगा। रेलवे ने कोटद्वार ब्रांच लाइन का रेलवे ट्रैक बदलने के साथ स्टेशन के आसपास रेलवे ट्रैक के नीचे स्लीपर और पत्थरी बदलने का अभियान शुरू किया है।
नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से कोटद्वार ब्रांच लाइन का हाल ही में विद्युतीकरण किया गया था। उधर, रेलवे द्वारा ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में मौअज्जमपुर रेलवे स्टेशन से गजरौला के बीच रेलवे ट्रैक पर 110 किमी रफ्तार से ट्रेनों को दौड़ाने का ट्रायल जारी है। 19 जुलाई को गजरौला से मौअज्जमपुर के बीच हाईस्पीड ट्रेन संचालन का पहला ट्रायल पूरा हो चुका है। 27 जुलाई को दूसरा ट्रॉयल पूरा किया जाएगा।
रेलपथ के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर धर्मेश कुमार, पीडब्ल्यूआई राजकिशोर की देखरेख में शुक्रवार को नजीबाबाद के रेलवे स्टेशन से डबल फाटक के बीच कोटद्वार ब्रांच लाइन के रेलवे ट्रैक के आसपास की स्लीपर और पत्थरी बदलने का अभियान चलाया गया। कोटद्वार ब्रांच लाइन पर फिलहाल ट्रेन की गति 50 किमी निर्धारित है। रेलवे द्वारा जल्द ही इस लाइन पर गति को दोगुना से अधिक करने की योजना है। नजीबाबाद-कोटद्वार ब्रांच लाइन पर कोरोना संक्रमण के बाद से पैसेंजर ट्रेनों का आवागमन रद्द है। वर्तमान में ब्रांच लाइन पर दिल्ली से कोटद्वार के बीच चलने वाली सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है।