हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षाएं हों नकल विहिन: डीएम
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित होने वाली वर्ष-2021 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन और शांतिपूर्वक परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उनका निर्धारण आनलाइन प्रक्रिया द्वारा किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए विभिन्न आधारभूत सूचनाओं को परिषद की वेबसाइट पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक समय से अपलोड कराएं।
डीएम रमाकांत पांडेय ने विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षा-2021 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से संबंधित बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की गई आधारभूति सुविधाओं का भौतिक सत्यापन उनके द्वारा गठित की गई टीम के माध्यम से कराया जाएगा। इस समिति की अभियुक्ति सहित आख्या को ऑनलाइन परिषद की वेबसाइट पर अपलोड अथवा अपडेट किया जाएगा। परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए विद्यालयों के मध्य दूरी के निर्धारण की सूचना विद्यालयों की मैपिंग टैगिंग कराकर ली जाएगी। निर्देश दिए कि केंद्रों के स्थलीय निरीक्षण के समय निर्धारित टीम विद्यालयों की मैपिंग टैगिंग संबंधी प्रमाणिकता की जांच कर अपनी संस्तुति उपलब्ध कराएं। जिन विद्यालयों द्वारा पूर्व में परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल की स्थिति पाए जाने पर परीक्षा निरस्त करने की रिपोर्ट के आधार पर पुन: परीक्षा संपादित करानी पड़ी हो और उन विद्यालयों को डिबार मानते हुए वर्ष 2021 में परीक्षा केंद्र न बनाया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कामता प्रसाद सिंह, एडीएम न्यायिक नितिन मदान, एसडीएम सदर विक्रमादित्य सिंह मलिक, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों के अलावा सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य मौजूद रहे।