कालागढ़। सीमावर्ती खेतों में गेहूं क़ी फसल को हाथियों के झुंड ने रौंद दिया। हाथियों के खेतों में आने से किसानों में फ़सलों की सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया है।
मंगलवार की रात कार्बेट टाइगर रिजर्व के वनों से हाथी सूखास्रोत से होकर भिक्कावाला के खेतों में जा पहुंचे। हाथियों ने कालागढ़ के आसपास खेतों में गेहूं की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। दीपू रावत, कैलाश थपलियाल, पप्पू, जितेंद्र, मनोज, अशोक और सिराजुद्दीन अंसारी दीपू रावत आदि किसानों ने बताया कि सुबह जब वो खेत में पहुंचे देखा कि हाथियों ने फसल को रौंद डाला है। खेत में हाथियों के पैरों के निशान से लग रहा था मानों हाथियों ने खेत में फुटबाल खेली हो। किसानों का कहना है कि बार बार वन विभाग से सुरक्षा की गुहार लगाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं है। कार्बेट के अधिकारी यह कह कर बचने का प्रयास करते हैं कि खेत यूपी के हैं तो वहीं बिजनौर का वन विभाग यहां गश्त तक करना गवारा नहीं करता। खामियाजा किसानों को उठाना पड़ता है।