संदिग्ध मरीज की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
बिजनौर। कोरोना के लक्षण वाले सभी मरीजों को सरकारी अस्पताल तक लाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने एक और हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5146 जारी किया है। यह हेल्पलाइन सिर्फ प्राइवेट मेडिकल स्टोर चला रहे फार्मासिस्ट, आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी के लिए होगा। आम जनता के लिए पहले से ही हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5145 चल रही है, जिस पर वह अपनी समस्या बता सकते हैं।
अधिक तीव्रता के साथ बढ़ रही कोरोना महामारी की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए शासन-प्रशासन तरह तरह के हथकंडे अपना रहा है। इसके बावजूद कोरोना के कहर के आगे सारे सुरक्षा इंतजाम फ्लॉप हो रहे हैं। अब स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने स्वास्थ्य अफसरों को निर्देश जारी करते हुए बताया कि कोरोना पर अंकुश तभी लगाया जा सकता है, जब इसके लक्षण वाले किसी भी व्यक्ति को फौरन अस्पताल लाया जाए, टेस्ट हो और अगर पॉजिटिव है, तो उसका तुरंत इलाज शुरू हो सके। बहुत से लोग बुखार, खांसी की दवा मेडिकल स्टोर से लेते हैं। मेडिकल स्टोर के फार्मासिस्ट को ऐसे किसी भी व्यक्ति की डिटेल इस हेल्पलाइन नंबर पर बताना है। इससे हम उस व्यक्ति को फॉलोअप कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह हेल्पलाइन आम जनता के लिए नहीं है। इस पर प्राइवेट फार्मासिस्ट के अलावा आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी ही कॉल कर सकेंगी। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. एसके निगम ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन के लिए सभी संबंधित लोगों को निर्देशित किया गया है।