कोरोना से महिला सहित दो की मौत
धामपुर। धामपुर में एक महिला की कोरोना महामारी के चलते मुरादाबाद एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। नगर के एक व्यक्ति की मरणोपरांत कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोग सहमे हुए हैं। वहीं शुगर मिल मार्ग निवासी एक व्यक्ति की भी ऋषिकेश में कोरोना से मौत हो गई।
धामपुर में एक सप्ताह पहले कोरोना पॉजिटिव आई महिला का उपचार मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में चल रहा था, जहां उसकी मौत हो गई। महिला के परिवार के अन्य छह पॉजिटिव हैं। उनका भी वहीं पर उपचार चल रहा है। उधर, तीन दिन पहले मृत हो चुके एक व्यक्ति की भी पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। व्यक्ति के अंतिम संस्कार में नगर के कई लोग शामिल हुए थे। बताया गया कि 13 अगस्त को भगत सिंह चौक निवासी एक व्यक्ति की बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस व्यक्ति का सैंपल जांच के लिए नोएडा भेजा था। शनिवार देर रात आई रिपोर्ट के अनुसार व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोगों में डरे हुए हैं। शुगर मिल मार्ग निवासी एक व्यक्ति की भी ऋषिकेश में कोरोना से मौत हो गई।