बिजनौर में तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए छाता लगाकर
- फोटो : BIJNOR
गर्मी ने बिगाड़ा हाल, पारा पहुंचा 40 के पार
बिजनौर। भीषण गर्मी में आसमान से आग बरस रही है। तपती धूम और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी और उमस के कारण मानव और जीव-जंतु सभी परेशान हैं। इस पर लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और बिजली की अघोषित कटौती के कारण उपकरण भी लोगों को राहत नहीं दे पा रहे हैं।
शुक्रवार को दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। भीषण गर्मी और उमस के कारण बाहर और घर के भीतर कहीं भी आराम नहीं मिल पाया। करीब चार दिन से जिले का तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा रहा है। शुक्रवार को भी जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहा। दोपहर करीब दो बजे के बाद आसमान में बादल छा गए, लेकिन गर्मी और उमस जारी रही। दोपहर के समय लोग घरों से कम ही बाहर निकल रहे हैं लेकिन बिजली कटौती, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज के कारण विद्युत उपकरण राहत नहीं दिला पा रहे हैं। लू की चपेट में आकर लोग बीमार पड़ना शुरू हो गए हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग तरल पदार्थों का सेवन करके खुद को गर्मी के कहर से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। घर से बाहर गर्मी से बचने के लिए कोई सिर और चेहरे को कपड़े से ढक रहा है तो कोई छाता लेकर घर से बाहर निकल रहा है। वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि अभी गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। तापमान अभी और बढे़गा, लोग धूप में कम से कम निकलने की कोशिश करें, पानी अधिक पीयें।
बिजनौर में गर्मी और तेज धूप से अपने बच्चे को बचाती एक मां।- फोटो : BIJNOR