बिजनौर। मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों का तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। इसके विरोध में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल करते हुए धरना दिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्राचार्या को ज्ञापन सौंपते हुए मानदेय दिलाने की मांग की।
मेडिकल कॉलेज में वीआरजीआर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से 100 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारी कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों को तीन माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। कर्मचारियों को प्राचार्या को दिए ज्ञापन में कहा कि सभी मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन मई, जून, जुलाई का भुगतान कर्मचारियों को नहीं किया गया है। इससे उनके परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा बच्चों की स्कूल की फीस, घर का किराया, बिजली का बिल जमा न होने के कारण मानसिक प्रताड़ना और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का रुका हुआ मानदेय समय से दिलाने की मांग की।
प्राचार्या डॉ. ललिता चौधरी ने कर्मचारियों को मंगलवार तक मानदेय उनके खाते में पहुंचने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर रोहित, रितिक, शिखा, अनुज सैनी, मनीष कुमार, साक्षी, अमित कुमार, नरेंद्र सिंह, दिपेंद्र कुमार, हेमंत कुमार, गौरव कुमार, विरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।