गांव में जांच करती स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : amar ujala
बिजनौर जनपद के चांदपुर में बास्टा क्षेत्र के गांव बाड़ीवाला निवासी शेर सिंह के परिवार में दाल खाने से हुई मां-बेटी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आ गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की जांच की। वहीं मां-बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गांव बाड़ीवाला निवासी शेर सिंह के मुताबिक, यहां रविवार को लगने वाले बाजार में से दाल खरीदी थी। इसके बाद दाल को घर पर बनाया गया। लेकिन यह दाल खाने से परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों को उल्टी, दस्त, पेट में दर्द आदि की शिकायत होने लगी। दाल खाने से शेर सिंह की करीब 14 वर्षीय बेटी अंजली की मौत हो गई। परिवार के सदस्यों की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर सीएचसी स्याऊ लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने पांच सदस्यों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
बिजनौर अस्पताल में भर्ती करने के बाद भी शेर सिंह की पत्नी व अंजली की मां गीता की तबीयत में सुधार नहीं आया। इसके बाद गीता को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनकी भी मौत हो गई। जबकि दुष्यंत व मंजू को बिजनौर अस्पताल से इलाज के बाद घर भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: Gurmeet Ram Rahim: सुकून का एक महीना, हनीप्रीत के संग ऐसे बीत रहे बाबा राम रहीम के दिन, आश्रम में एंट्री शुरू
बताया गया कि गौरव व राजेश अभी बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य टीम जांच के लिए गांव पहुंची। सीएचसी प्रभारी डॉ. केपी सिंह ने बताया कि दाल खाने से एक ही परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ी है। दाल में कोई चीज आ जाने से दाल विषाक्त होने की आशंका है। गांव में कह दिया गया है कि जिस किसी को कोई परेशानी हो अपनी जांच कराकर दवाई लें।