प्रत्येक रविवार लगेगा आरोग्य स्वास्थ्य मेला
- दो फरवरी से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए लोगों को जागरूक कर बेहतर उपचार प्रारंभिक अवस्था में दिलाने के उद्देश्य से जिले में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेलों का आयोजन दो फरवरी से प्रत्येक रविवार को जिले के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जाएगा।
सीएमओ विजय कुमार यादव के अनुसार मेले का आयोजन चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा आयुष विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। मेले के क्रियाकलाप, अनुश्रवण एवं रिपोर्टिंग का दायित्व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का होगा। इस कार्यक्रम का नोडल एसीएमओ डॉ. रोहिताश कुमार को बनाया गया है। उन्होंने बताया कि दो फरवरी से लगातार प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम में शामिल विभागों को स्पष्ट कर दिया गया है कि कार्यक्रम में किसी तरह की शिथिलता न बरतें।
मेले में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग एवं संदर्भीकरण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान की जानकारी तथा पात्र लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किए जाएंगे। साथ ही गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता एवं जन्म पंजीकरण परामर्श के साथ-साथ नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा, पूर्ण टीकाकरण, परिवार नियोजन के संबंध में परामर्श एवं सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी। मेले में तंबाकू सेवन को रोकने के लिए जागरूकता तथा समस्त आधारभूत जांच सुविधाएं, पोषण अभियान का प्रचार-प्रसार तथा कुपोषित बच्चों का चिह्निकरण एवं उनके उपचार हेतु समुचित कार्रवाई की जाएगी। बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के बचाव की जानकारी दी जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी बृजभूषण ने बताया आरोग्य मेले में आने वाले व्यक्तियों को संक्रामक रोग मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार, कालाजार, स्वाइन फ्लू एवं फाइलेरिया रोग से पीड़ित होने की स्थिति में रोगियों का परीक्षण, निदान एवं उपचार किया जाएगा।