अफजलगढ़ के गांव टांडा हिदायतपुर में ग्रामीणों से वार्ता करते करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : BIJNOR
अफजलगढ़। क्षेत्र के एक ही पंचायत के तीन गांवों में डायरिया से तीन लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारी भी गांव में जाकर जायजा ले रहे हैं। सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मिले। इसके बाद उन्होंने चिकित्सकों को जांच के निर्देश देते हुए दवाइयां वितरित कराईं।
अफजलगढ़ में एक सप्ताह के अंदर एक ही पंचायत के गांव टांडा, हिदायतपुर, चौहड़वाला में एक बच्चे सहित तीन की डायरिया से मौत हो गई। जिसके बाद से गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच कर दवाई वितरित की जा रही है। वहीं मंगलवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव टांडा में शिविर लगाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। इसके अलावा हिदायतपुर और चौहड़वाला में भी टीम पहुंची। वहीं सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल व एसीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता सहित कासमपुरगढ़ी प्रभारी चिकित्साधिकारी सर्वेश निराला ने मामले का संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीएमओ ने गांव में मौजूद चिकित्सकीय टीम को घर-घर जाकर परीक्षण कर दवाइयां वितरित करने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने बताया कि गांव के हालात काबू में है। जिन मरीजों का बाहर इलाज चल रहा है, उनके परिजनों को भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
गर्मी में पीए ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ : डॉ. सर्वेश निराला
कासमपुरगढ़ी प्रभारी चिकित्साधिकारी सर्वेश निराला ने बताया कि मंगलवार को तीनों गांव में जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 300 लोगों की जांच की। साथ ही करीब 150 लोगों को आवश्यक दवाइयां व ओरआरएस का घोल वितरित किया गया। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों से अपने आसपास साफ सफाई रखने व पानी उबालकर पीना की सलाह दी। साथ ही उनसे ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ का उपयोग करने व हल्का व ताजा भोजन करने को कहा। साथ ही डायरिया की शिकायत होने पर किसी झोलाछाप चिकित्सक के चक्कर में न पड़ने के लिए कहा।
अनधिकृत चिकित्सकों की लिस्ट बनाकर की जाएगी कार्रवाई : सीएमओ
सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने बताया कि चिकित्सकों की कमी के लिए शासन को लिखा गया है। उन्होंने बताया कि वह चिकित्सकों के लिए क्षेत्रीय विधायकों से मिलकर जिले में अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती के लिए प्रयास कर रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि अनधिकृत चिकित्सकों की लिस्ट बनाकर कार्रवाई कराई जाएगी। इसके लिए वह जिले व ब्लॉक स्तर पर भी टीम तैयार कर अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे। साथ ही पानी व गंदगी को लेकर भी जल निगम व विकास विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के समाधान कराने की बात कही है। वहीं पाइप लाइन दुरुस्त कराकर ओवरहैड टैंक के पानी का परीक्षण कराया जाएगा।