दवाइयों की किट तैयार करने में जुटा स्वास्थ्य विभाग
बिजनौर। कोरोना को हराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने फिर से पैरासिटामोल का ही सहारा लिया है। पैरासिटामोल के अलावा कोरोना के मरीजों को घर पर ही विटामिन बी और सी की दवाई भी दी जाएगी। मरीजों की आयु के अनुसार ही किट बनाई जा रही हैं। जरूरत होने पर ये किट दी जाएंगी।
जिले में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं, हालांकि उनमें कोरोना का कोई लक्षण नहीं आ रहा है। मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर तैयारी की जा रही है। मरीजों के लिए आयु के हिसाब से दवाइयों की किट बनाई जा रही हैं। चार श्रेणी में किट बनाई गई हैं। इनमें पैरासिटामोल की दवाई को मुख्य रूप से शामिल किया गया है। पैरासिटामोल बुखार के लिए सबसे प्रमुख दवाई मानी जाती है। बड़ों के लिए इसकी गोली आती है, जबकि बच्चों के लिए इसका सिरप आता है। शासन द्वारा सिरप और गोली दोनों की भेजी गई हैं। शासन द्वारा गठित निगरानी समितियां घर-घर जाकर मरीजों की स्थिति देख रही हैं। किसी भी मरीज को अब तक कोई ज्यादा परेशानी नहीं आई है। उन्हें घर में ही आइसोलेट किया गया है।
ये हैं प्रमुख दवाइयां
शासन द्वारा पैरासिटामोल की गोली और सिरप किट में मुख्य रूप से रखी जा रही है। इनके अलावा एंटीबायोटिक दवाई, विटामिन बी व सी, जिंक आदि की दवाई भी किट में रखी जा रही हैं। विटामिन सी से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल के अनुसार जिले में कोरोना के सभी मरीजों की तबीयत एकदम ठीक है। उनके स्वास्थ्य की पूरी निगरानी की जा रही है। होम आइसोलेट मरीजों को देने के लिए दवाइयों की किट भी बनाई गई है।