बिजनौर। दीपावली को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। मेडिकल अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी पर चिकित्सकों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। ताकि, आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।
दीपावली पर पटाखों के प्रयोग से जलने या धुएं से सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ने की संभावना को देखते हुए चिकित्सा विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। सभी चिकित्साधिकारियों को किसी भी मरीज को उपचार में देरी न करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, एंबुलेंस सेवाओं को भी सक्रिय रखा गया है।
शहर के प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में एंबुलेंस तैनात रहेंगी। ताकि, जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। विभाग ने चिकित्सकों को 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से दीपावली सुरक्षित ढंग से मनाएं की अपील की।
पटाखों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें। सीएमओ डॉ. कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता रखने के निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में भी पर्याप्त मात्रा में दर्द निवारक, जलनरोधी, एंटीसेप्टिक और अन्य जरूरी दवाइयों का स्टॉक रखा गया है।