बिजनौर। शराब की दुकान के चौकीदार की हत्या में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। ओवर रेट को लेकर हुई कहासुनी के बाद घटना को अंजाम दिया था।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव चकगढ़ी निवासी सोनू (42) गंज फतेहपुर रोड स्थित देशी शराब की दुकान पर चौकीदारी करता था। बृहस्पतिवार रात बाइक सवार पांच युवकों ने उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने शनिवार को हत्या में शामिल राजन निवासी दारानगर गंज, प्रीतम निवासी गांव गांवड़ी शहर कोतवाली, सुनील निवासी गांव चंदनपुरा को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उधर, फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसओ अन्नु कुमारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गंज क्षेत्र में जिस शराब दुकान पर चौकीदार की हत्या हुई है। वह बिजनौर आबकारी सर्किल में आती है। पुलिस का कहना है कि सेल्समैन वीरेंद्र ने दुकान को समय से पहले बंद कर दिया था। दुकान खोलकर शराब देने के लिए वह अधिक मूल्य मांग रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिला आबकारी अधिकारी वरुण कुमार का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है।