दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर बिजनौर में चक्का जाम करते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में मंदसौर में किसानों पर गोलीबारी करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई व सभी किसानों का शत प्रतिशत कर्जा माफ करने के लिए भाकियू ने जिले भर में चक्का जाम कर दिया। किसान सड़कों पर योग की मुद्रा में बैठ गए। जिला मुख्यालय पर किसान नेशनल हाईवे 74 बैराज रोड पर धरना देकर बैठ गए। धरने से उठाने की बात पर किसानों व कोतवाल में नोकझोंक हो गई। किसानों का धरना सुबह नौ से 11 बजे तक चला।
किसान सुबह नौ बजे से कुछ मिनट पहले ही बैराज रोड पर चक्कर रोड के सामने पहुंच गए और नौ बजे चक्का जाम कर दिया। किसानों ने सड़कों पर वाहन खड़े कर दिए और चक्का जाम करके बैठ गए। करीब दस बजे शहर कोतवाल प्रेमवीर राणा पुलिस के साथ धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों को नेशनल हाईवे पर धरने उठने को कहा। किसानों के साथ उनकी नोकझोंक हो गई। थोड़ी देर बाद कोतवाल पुलिस के साथ वहां से चले गए। वक्ताओं ने कहा कि किसान की चिंता नहीं है, सरकार को योग की चिंता है।
योग के लिए पूरे प्रशासन को लगाया जा रहा है। कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों का कर्जा माफ करने व अन्य घोषणाएं की थीं, लेकिन अब तक उनको पूरा नहीं किया है। देश के प्रधानमंत्री ने किसानों से झूठ बोला है। हक मांगने वाले किसानों पर अब फायरिंग की जा रही है। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र राम व तहसीलदार राजेश वर्मा को सौंपा।
ज्ञापन में डा.एमएस स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, फसलों के दाम लागत में 50 प्रतिशत मुनाफा जोड़कर तय करने, सभी किसानों का कर्ज माफ करने, मंदसौर में किसानों पर गोली चलाने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने, यूपी व मध्य प्रदेश में आंदोलन के दौरान जेल भेजे गए। किसान नेताओं को बिना शर्त रिहा करने, जैव परिवर्तित बीजों को देश में अनुमति न देने की मांग की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़, प्रदेश महासचिव ठाकुर रामअवतार सिंह, मंडल महासचिव अतुल कुमार, राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार आदि रहे।