नूरपुर में बृहस्पतिवार की रात गांव लिंडरपुर में बारात जाने के दौरान हर्ष फायरिंग में हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के गांव लिंडरपुर निवासी राहुल की बारात मुरादाबाद जनपद के गांव स्याली जानी थी। आरोप है कि शादी में शामिल होने आया राहुल का रिश्तेदार अमरोहा निवासी संजीव पुत्र नानक लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने लगा। इसी दौरान एक गोली पास में ही खड़े उसके दोस्त अमरोहा निवासी चंद्रपाल सैनी के गले में लग गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस शव को थाने ले गई। चंद्रपाल के चाचा रूप सिंह सैनी ने संजीव के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
चंद्रपाल सैनी को उसकी मौत गांव लिंडरपुर खींचकर ले आई। अमरोहा में परचून की दुकान करने वाले चंद्रपाल की पड़ोस में रहने वाले संजीव से दोस्ती थी। संजीव को भांजे की शादी में भात देने लिंडरपुर जाना था। उसने चंद्रपाल सैनी को भी साथ चलने के लिए राजी कर लिया। भात व बारात निकासी की रस्म पूरी होने के बाद चंद्रपाल घर आने की तैयारी कर रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, इसी दौरान संजीव, निवासी मंडी समिति के पास अमरोहा, अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने लगा। गोली पास खड़े चंद्रपाल को जा लगी। चंद्रपाल की मौत से शादी की खुशी मातम में बदल गई। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब चुनाव के दौरान सभी लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए गए थे तो संजीव ने अपनी पिस्टल क्यों जमा नहीं की। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।