शिवालयों में गूंजे हर हर महादेव के जयकारे
बिजनौर। श्रावण मास की शिवरात्रि पर शिवभक्तों ने शिवालयों पर जलाभिषेक किया। सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ लगी रही और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। शिवालयों पर रुद्राभिषेक भी कराया गया।
श्रावण मास की शिवरात्रि पर शिवभक्तों ने शिवालयों पर पंचामृत से जलाभिषेक किया। बेलपत्री व प्रसाद चढ़ाया और भगवान आशुतोष की आराधना की। गांव खारी स्थित प्रसिद्ध झारखंडी शिव मंदिर पर सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। शिवभक्तों ने शिवालयों पर जलाभिषेक करने के साथ पूजा अर्चना की और रुद्राभिषेक भी कराया। मंदिर पर सुरक्षा की लिहाज से पुलिस भी तैनात रही। बिजनौर के अलावा आसपास के गांवों, कस्बों व दूर दराज के शिवभक्त शिवालयों पर जलाभिषेक करने के लिए आए। झालू मार्ग स्थित कुभड़ा शिव मंदिर पर सुबह से आसपास के शिवभक्तों के अलावा दूर दराज के शिवभक्त जलाभिषेक करने के लिए आते जाते रहे। बिजनौर में गीता नगरी स्थित शिव मंदिर, नई बस्ती स्थित शिव मंदिर, कुटिया कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, लाखन के घेर स्थित शिव मंदिर, बालाजी मंदिर, लंगोटिया महाराज शिव मंदिर, काली मंदिर स्थित शिव मंदिर समेत सभी शिवालयों पर शिव भक्तों की सुबह से ही भीड़ रही। कस्बा झालू में मनोकामना शिव मंदिर, महामृत्युंजय शिव मंदिर, छतरीवाला कुआं स्थित शिव मंदिर, ठाकुरद्वारा शिव मंदिर, मुख्य बाजार स्थित शिव मंदिर समेत सभी शिवालयों पर सुबह से ही शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।
बिजनौर में कुटिया कालोनी के प्राचीन शिव मंदिर पर जलाभिषेक करते श्रृदालु।- फोटो : BIJNOR