शिक्षक भर्ती की काउंसलिंग के लिए सूची देखते अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में परिषदीय स्कूलों में चल रही शिक्षकों की भर्ती में जिले में 140 पद बढ़ने से अभ्यर्थियों के चेहरे खिले हैं। राजकीय इंटर कॉलेज में तीसरे दिन भी काउंसलिंग की गई। अब तक 775 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई गई है। शेष अभ्यर्थियों को चार सितंबर को भी काउंसलिंग कराने का अंतिम मौका मिला है।
शासन ने परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 635 पदों की सूची भेजी थी। रविवार शाम शासन ने 140 अभ्यर्थियों की एक और सूची भेज दी। शासन से आई दूसरी सूची से जिले में शिक्षकों के 775 पद हो गए हैं। सहायक अध्यापकों के पद बढ़ने से अभ्यर्थियों के चेहरे खिले हैं।
सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज में काउंसलिंग में प्रतिभाग करने आए अभ्यर्थियों ने शासन से आई सूची को देखा। बीएसए महेश चंद्र के मुताबिक रविवार तक 619 अभ्यर्थियों ने काउंसलिंग कराई थी। सोमवार तक 750 अभ्यर्थी काउंसलिंग करा चुके हैं। जिन अभ्यर्थियों का नाम सूची में है तथा अभी तक वह काउंसलिंग नहीं करा पाए हैं, वह चार सितंबर को राजकीय इंटर कॉलेज में उपस्थित होकर काउंसलिंग करा सकते हैं।
चार सितंबर को ही दिव्यांग शिक्षकों, महिला शिक्षिकाओं के स्कूल आवंटन के लिए विकल्प पत्र भरे जाएंगे। इसके लिए चयन समिति के सम्मुख उपस्थिति होकर विकल्प पत्र भर सकेंगे। काउंसलिंग के तीसरे दिन खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार, शिक्षक धर्मवीर सिंह, वीरेंद्र कुमार, नीरज गुप्ता, अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।