हल्दौर में ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राज के खिलाफ आज अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया। ब्लॉक प्रमुख के पक्ष में चार और विरोध में 84 मत पड़ेे।
हल्दौर ब्लॉक क्षेत्र में 121 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। करीब 20 दिन पूर्व कुछ क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख सर्वेश राज पर सदस्यों को सम्मान न देने, कोई खुली बैठक न करने, क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई दिलचस्पी न लेने समेत विभिन्न आरोप लगाते हुए डीएम को शिकायतीपत्र दिया था।
ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कराने के लिए शपथपत्र भी दाखिल किये थे। डीएम ने अविश्वास प्रस्ताव पर विचार के लिए पांच मई निर्धारित की थी।
शुक्रवार सुबह करीब दस बजे डीएम के निर्देश पर एसडीएम उद्धव त्रिपाठी, नायब तहसीलदार तरुण प्रताप सिंह , एडीओ नरेश कुमार शर्मा स्थानीय ब्लॉक कार्यालय के ड्वाकरा हाल पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मौजूदगी में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मतदान प्रक्रिया शुरू कराई। 121 में से कुल 88 बीडीसी ने वैलेट पेपर द्वारा मतदान किया। एसडीएम उद्धव त्रिपाठी ने बताया कि महज चार बीडीसी ने ब्लॉक प्रमुख के पक्ष में मतदान किया। अन्य 84 मतदाताओं ने ब्लॉक प्रमुख के विरोध में मत डाले। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि मतदान की रिपोर्ट को जिलाधिकारी को प्रेषित की जा रही है। मतदान प्रक्रिया पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ।