हल्दौर में गांव कूकड़ा के निकट एक गुलदार ने स्कूली वैन का रास्ता रोक लिया। गुलदार को देखकर वैैन में सवार बच्चों की चीख निकल गई। वैन के आसपास खेतों में मौजूद किसानों ने गुलदार को भगाया।
गांव कूकड़ा के जंगल में कई दिनों से गुलदार दिखाई देने की गांववासियों में दहशत फैली हुई है। नहटौर के आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की एक वैन गांव कूकड़ा के आसपास के बच्चों को स्कूल लेकर जाती है। ग्रामवासियों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह वैन बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। कूकड़ा-हल्दौर मार्ग पर जंगल से निकलकर अचानक एक गुलदार ने स्कूली वैन का रास्ता रोक लिया। चालक ने तुरंत बच्चों से गाड़ी के शीशे बंद कराएं। गुलदार को देखकर वैन के सामने देख स्कूली बच्चों की चीख निकल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों का शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान रामकुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अनिल कुमार, अरविंद कुमार व सुनील कुमार आदि फावड़ा व लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। किसानों ने गुलदार को जंगल की तरफ भगा दिया। गुलदार दिखाई देने की शिकायत कई बार वन विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। क्षेत्रीय वन विभाग के रेंजर सुधीर चौधरी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। गुलदार मिलने वाले क्षेत्र में जांच टीम भेजी गई है।