गुलदार नर या मादा, असमंजस में अब वन विभाग
बिजनौर। गांव मोहंडिया में अब गुलदार को लेकर वन विभाग असमंजस में पड़ गया है। वन विभाग अब तक गुलदार को मादा मान रहा था। अब मोहंडिया में मिले गुलदार के पंजों के निशान नर जैसे हैं। वन विभाग को पता नहीं चल पा रहा है कि गुलदार नर है या मादा। या फिर क्षेत्र में मादा गुलदार के अलावा नर गुलदार की भी मौजूदगी हो सकती है।
गांव मोहंडिया के जंगल में गुलदार ने 26 दिसंबर को गांव बचपड़ी निवासी शफीक को मार डाला था। तब से गुलदार लगातार गांव मोहंडिया के जंगल में ही दिख रही है। लगातार ट्रैप कैमरे में गुलदार के फोटो भी कैद हो रहे हैं। अमानगढ़ रेंज से आई वन विभाग की टीम ने खेतों में मिले पंजों के निशान के आधार पर बताया था कि गुलदार मादा है। गांव असगरपुर में 25 दिसंबर को गुलदार ने शानू को मारा था। वहां खेत में गुलदार के पंजों के हलके निशान मिले थे। वहां भी जांच की गई तो निशान मादा गुलदार के ही होने का अनुमान लगाया गया। दोनों गांव मालन नदी के किनारे हैं। वन विभाग के कर्मचारियों ने मान लिया कि इंसानों को एक ही मादा गुलदार मार रही है। वह मालन नदी के किनारे होते हुए आगे बढ़ रही है। शफीक को मारने के बाद से गुलदार लगातार मोहंडिया के जंगल में ही देखी जा रही है। वह उस खेत में ही है जहां पर शफीक को मारा गया था। ट्रैप कैमरों में गुलदार के फोटो कई बार कैद हुए, लेकिन कैमरों में फोटो इतने स्पष्ट नहीं आए जिससे पता चल सके कि गुलदार नर है या मादा। फिर भी वन विभाग गुलदार को मादा ही मानता रहा। अब शुक्रवार को एक नलकूप के पास गुलदार के पंजे के निशान मिले। जांच में पंजा नर गुलदार जैसा लग रहा है। अब वन विभाग असमंजस में है। उनका कहना है कि यह भी हो सकता है कि खेत में दो गुलदार हों। वह प्रणय के लिए खेत में डेरा डाले हों।
जोड़े में नहीं रहता गुलदार
नर व मादा गुलदार कभी जोड़े में नहीं रहते हैं। ये केवल प्रणय के समय केवल चार से पांच दिनों के लिए ही साथ रहते हैं। कभी कभी गुलदार दूसरे गुलदार के क्षेत्र में भी घुस जाते हैं।
पंजों में होता है फर्क
नर व मादा गुलदार की पहचान उनके पंजों के निशान से होती है। मादा गुलदार के पंजों की उंगली पतली व लंबी होती है। नर गुलदार के पंजे की उंगली मोटी व छोटी होती है।
गुलदार पकड़ने की पूरी कोशिश
डीएफओ डा.एम सेम्मारन के मुताबिक गुलदार नर हो या मादा फर्क नहीं पड़ता है। गुलदार को पकड़ने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है।