नजीबाबाद। नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर गांव चंदनपुर क्षेत्र में हाईवे पर वाहन की टक्कर से गुलदार की मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने गुलदार के शव को अपने कब्जे में ले लिया। नर गुलदार की आयु करीब पांच वर्ष है।
नजीबाबाद-कोटद्वार हाईवे पर गांव चंदनपुर क्षेत्र में राहगीरों ने हाइवे किनारे मृत गुलदार पड़ा देखा। वन विभाग और सामाजिक वानिकी अधिकारियों को घटना की सूचना दी। कौड़िया वन रेंज के डिप्टी रेंजर महिपाल सिंह, बीट प्रभारी जितेंद्र कुमार, वनरक्षक राकेश ने गुलदार के शव को कब्जे में ले लिया।
डिप्टी रेंजर ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से अंदरूनी चोट लगने से गुलदार की मौत हुई है। कौड़िया वन रेंज में तीन चिकित्सकों के पैनल से उसके शव का पोस्टमार्टम किया।