गुलदार ने किसान के परिवार पर बोला हमला
धामपुर। रामगंगा बैराज के समीप भगौता में खेत पर गन्ने की छिलाई कर रहे एक किसान के परिवार पर गुलदार ने हमला बोल दिया। गुलदार से जान बचाने के चक्कर में एक महिला व किसान चोटिल हो गए।
भगौता निवासी जयपाल सिंह ने बताया कि वह अपने खेत पर बुधवार को गन्ने की छिलाई करने के लिए पत्नी संतोष देवी, भाई चंद्रपाल सिंह, भाई की पत्नी राजू देवी के साथ गए थे। खेत पर गांव के बेगराज सिंह, टिंकल, विजयपाल पहले ही गन्ने की छिलाई के लिए गए हुए थे। जैसे ही खेत स्वामी ने गन्ना काटना शुरू किया, वैसे ही खेत में बैठे गुलदार ने दहाड़ मार दी। गुलदार खेत से निकलकर काम कर रहे लोगों पर टूट पड़ा। गुलदार को देख अफरातफरी मच गई। जान बचाने के चक्कर में सब इधर उधर भागने लगे। किसानों ने बमुश्किल गुलदार को खदेड़ा। भागने में जयपाल सिंह, संतोष देवी चोटिल हो गए। किसानों का कहना है कि 25 नवंबर को हरेवली निवासी अनिल कुमार पुत्र नत्थू सिंह पर भी गुलदार ने हमला बोल दिया था। लेकिन सूचना देने के बाद भी वन विभाग देर शाम तक मौके पर नहीं पहुंचा। सामाजिक वानिकी रेंजर विरेंद्र सिंह भौंरो का कहना है कि टीम को आदेशित कर दिया है, वह मौके पर जाकर गुलदार को जंगल में खदेड़ने का काम करेगी।