गुलदार ने अचानक किया हमला
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम टांडा सिक्का वाला निवासी यश (13), रेहान (16) और लक्की (17) मंगलवार को एक ही बाइक पर सवार होकर बढ़ापुर में दशहरा मेला देखने गए थे। रात करीब सात बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि ग्राम मिट्ठू पुर में लेबडे के पुल के पास पहुंचने पर खंभे के नजदीक बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
लक्की की हिम्मत से टला बड़ा हादसा
अचानक हुए हमले से बाइक सवार किशोर घबरा गए, लेकिन बाइक चला रहे लक्की ने हिम्मत नहीं हारी। उसने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और बिना रुके आगे निकल गया। इस दौरान गुलदार के पंजे लगने से यश और रेहान के पैर में चोटें आईं। बाद में दोनों को उपचार के लिए नगीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
लोगों में दहशत
घटना के बाद से क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। उधर बाइक सवार लक्की ने दावा किया है कि गुलदार की संख्या चार थी। चिकित्सा प्रभारी डॉ विशाल दिवाकर का कहना है कि दोनों किशोर का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया है।