बिजनौर में महाभारत सर्किट में शामिल विदुर कुटी क्षेत्र अब पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित होगा। केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना में विदुर कुटी को शामिल किया गया है।
बृहस्पतिवार को केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के प्रतिनिधि कुणाल रावल एवं भाजपा सांसद भारतेंद्र सिंह के साथ गांव में सर्वे किया।
योजना के तहत विदुर कुटी क्षेत्र में सौंदर्यीकरण होगा। वहां एक बहुउद्देश्यीय हॉल, सौर ऊर्जा लाइटें, तीर्थयात्रियों के बैठने के लिए बेंच, भोजन करने के लिए कैफेटेरिया, दुकानों का निर्माण होगा। इसके अलावा कुंड का निर्माण, शौचालय, शेड निर्माण, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। स्वच्छ जल की भी व्यवस्था होगी। बाढ़ या बैराज से अधिक जल छोड़े जाने की स्थिति में इनकी रक्षा के लिए चबूतरा भी बनवाया जाएगा।
कुणाल रावल ने गांव वालों से भी विदुर कुटी में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या आदि के बारे में जानकारी ली। सांसद भारतेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा से मिलकर बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के पर्यटन स्थल विदुर कुटी, शुक्रताल एवं हस्तिनापुर के बारे में चर्चा की थी। जल्दी ही तीनों पर्यटन स्थलों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस दौरान रवि दीवाकर, राजकुमार पंडित, प्रशांत, अंकुर, संजय त्यागी, जितेंद्र राजपूत, गौरव जोशी, पुखराज आदि मौजूद रहे।