मोदीपुरम (मेरठ)। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में वित्त समिति की 23वीं और प्रबंध परिषद की 63वीं बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में विश्वविद्यालय के आगामी सत्र के बजट को स्वीकृति मिली। साथ ही आगामी दिनों में होने वाली 130 नियुक्तियों का रास्ता भी साफ हो गया।
बैठक की अध्यक्षता कुलपति त्रिवेणी दत्त ने की। संचालन प्रबंध परिषद के सचिव एवं वित्त नियंत्रक पंकज कुमार चतुर्वेदी ने किया। वित्त समिति की बैठक में कुल नौ बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्रबंध परिषद की बैठक में दस बिंदुओं पर चर्चा की गई। वित्त समिति ने पूर्व में खर्च हुए बजट और आगामी सत्र के बजट पर विचार किया। आगामी बजट को विभिन्न मदों में खर्च करने की अनुमति ली गई। प्रबंध परिषद की बैठक में कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के रवींद्र कुमार का स्वागत किया गया। वित्त समिति और अकादमिक परिषद के एजेंडे को हरी झंडी दी गई। इसके अलावा नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बैठक में विश्वविद्यालय के कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के खाली पड़े पदों को भरने का एजेंडा भी रखा गया। सदस्यों ने विश्वविद्यालय के हित में होने वाले कार्यों पर सहमति जताई। बैठक में डॉ परमेंद्र सिंह उप महानिदेशक उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद लखनऊ ऑनलाइन जुड़े। वहीं सतीश कुमार उप निदेशक कोषागार एवं पेंशन मेरठ मंडल, डॉ मोनिका सिंह क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मेरठ, देवव्रत त्यागी प्रगतिशील किसान ने भी प्रतिभाग किया। इसके अलावा बैठक में सदस्य विधान परिषद धर्मेंद्र कुमार भारद्वाज, विधायक रफीक अंसारी, डॉ अशोक कुमार यादव, संयुक्त निदेशक कृषि, राकेश शर्मा, अनिल कुमार, सुधांशु सिंह आदि मौजूद रहे।