जलीलपुर। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत कमालपुर में अधिकतम 300 रुपये में मिलने वाला कागज का एक रिम 4100 रुपये में खरीदने का मामला सामने आया है। पंचायत से ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर इसकी खरीद का बिल अपलोड किया है। इसके अलावा अन्य कार्यों के बिलों में भी गड़बड़ियां हैं।
ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर की गई पड़ताल से पता लगता है कि ग्राम पंचायत कमालपुर में विकास कार्यों पर करीब एक करोड़ रुपये से भी ज्यादा खर्च हुआ है। अधिकतम 300 रुपये में मिलने वाला एक रिम पेपर का भुगतान 4100 रुपये किया गया है। कंसल्टिंग इंजिनियर की फीस 52000 रुपये का भुगतान दानिश को कर बिल के नाम पर कोरा कागज अपलोड कर दिया।
सीसी रोड निर्माण के दो भुगतान के नाम पर एक ही बिल अपलोड किया गया है। वह भी अधूरा है। इसमें बिल विवरण दर्ज नहीं है। गांव में अधिकांश सड़कें सीसी बनी हैं। पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन डालने के बाद कुछ सड़के अभी भी खराब हैं। पूर्व प्रधान साजिद खां ने बताया कि गांव में पेयजल टंकी का निर्माण अधूरा पड़ा है।
टंकी निर्माण का कार्य एक साल से बंद है। गांव निवासी इस्माईल ने बताया कि टंकी के कनेक्शन हुए हैं लेकिन पानी की सप्लाई नहीं हुई। प्रधान गफ्फार अहमद ने बताया वे ईमानदारी से विकास कार्य करा रहे हैं। बिल अपलोड करने में किसने कमी की है, इसकी जानकारी की जाएगी।