नांगल सोती/नजीबाबाद। भाकियू टिकैत की पंचायत में किसान नेता गौरव टिकैत ने कहा कि आज सरकारें किसानों का वोट नहीं मानतीं इसलिए किसानों को संगठित होना जरूरी है।
गांव मायापुरी में भाकियू टिकैत की पंचायत में गौरव टिकैत ने कहा कि अनुशासन संगठन की सबसे बड़ी जीत है। अनुशासित रहकर संगठन को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती के साथ-साथ अपने वोट की भी पहचान बनानी चाहिए। आज के दौर में सरकारें किसानों का वोट नहीं मानती हैं। किसान अपने वोट की पहचान बनाएगा तो एक दिन सरकारों को नतमस्तक होना पड़ेगा। गौरव टिकैत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराना हीं संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने 16 से 18 जून तक हरिद्वार में लगने वाले चिंतन शिविर में किसानों से पहुंचने का आह्वान किया।
इससे पूर्व पंचायत में पहुंचने पर गौरव टिकैत का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पंचायत में युवा किसानों शिवांत, यशवीर, राहुल चौधरी, सचिन, सहित बड़ी संख्या में भाकियू टिकैत की सदस्यता ग्रहण की। नैपाल सिंह की अध्यक्षता और नरदेव सिंह के संचालन में आयोजित पंचायत में प्रदेश सचिव दिनेश कुमार, जिलाध्यक्ष सुनील प्रधान, बाबूराम तोमर, सत्यवीर सिंह, नीटू चौधरी, मनप्रीत संधू, करतार सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अजय बालियान, अवनीश, संजीव, सुनील आदि मौजूद रहे।