कादराबाद। बुधवार को गांव मीरापुर खास में जूता व्यापारी मोहम्मद अली के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम के छापे की कार्रवाई देर शाम तक चली। करीब 13 घंटे की जांच पड़ताल के बाद टीम वापस चली गई।
बुधवार की सुबह छह बजे प्रवर्तन निदेशालय के अफसरों की टीम सीआरपीएफ जवानों के साथ गांव मीरापुर खास में जूता व्यापारी मोहम्मद अली के आवास पर पहुंची थी। यहां टीम ने जूता व्यापारी सहित परिवार के लोगों से करीब 13 घंटे तक पूछताछ की थी। टीम ने व्यापारी के घर पहुंचते ही सवालों की बौछार कर दी।
वहीं फोटो दिखाते हुए उनके चचेरे भाई अदनान के संबंध में जानकारी की। अदनान के सामने आने पर टीम ने उससे एक सिम के संबंध में जानकारी की। अदनान ने अपने पास चालू हालत में होना बताया। इस दौरान टीम ने व्यापारी व परिवार के अन्य पुरुषों से सवाल जवाब किए। टीम ने पूर्व में गांव के थाईलैंड गए अन्य युवकों को बुलाकर भी पूछताछ की। इस दौरान स्थानीय बैंक कर्मियों का भी सहयोग लिया गया। जूता व्यापारी ने बताया कि टीम ने उन्हें क्लीन चिट देते हुए चार पेज की फाइल सौंपी है।