कोरोना मरीजों के उपचार को वित्तीय सहायता दे सरकार : मलूक नागर
बिजनौर। बिजनौर लोकसभा क्षेत्र से सांसद मलूक नागर ने संसद में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से सवाल पूछा कि कोविड महामारी से देश में कुल कितने लोग संक्रमित हुए और कितने लोगों की मौत हुई तथा कितने लोग ठीक हुए।
शुक्रवार को सांसद मलूक नागर ने संसद प्रश्नकाल के दौरान संसद में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री पर सवालों की बौछार कर दी। सांसद ने बताया कि मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराए गए ब्यौरे के अनुसार 16 सितंबर तक देश में कुल 50 लाख 20 हजार 359 मामलों में से सक्रिय उपचाराधीन केस नौ लाख 95 हजार 933 हैं और 82 हजार 66 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे सरकारी संस्थानों व निजी कंपनियों का ब्यौरा मांगा जो कोविड-19 टीके के विकास एवं सरकार द्वारा इसके अंतर्गत कितना धन आवंटित किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि कोविड-19 का टीका देशवासियों को कब तक उपलब्ध होगा, कितने मूल्य पर मिलेगा। क्या इसके लिए सरकार ने किसी अन्य देशों के साथ समझौते किए हैं या सरकार महामारी से उत्पन्न होने वाले रोगजनक के एंटीडोट के अनुसंधान और विकास हेतु समर्पित अनुसंधान केंद्र स्थापित करेगी। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए अन्य क्या प्रभावी कदम उठाए गए हैं।