नहीं खुलेंगे सरकारी कार्यालय, तीन मई तक पुरानी गतिविधियां ही रहेंगी जारी: डीएम
बिजनौर। जिले में आज 20 अप्रैल से सरकारी कार्यालय नहीं खुलेंगे। जिले में लॉकडाउन की पहले जो स्थिति थी वही बनी रहेगी। डीएम ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
शासन ने 20 अप्रैल से सरकारी कार्यालयों में कार्यालयाध्यक्षों को कम कर्मचारियों के साथ बैठने के निर्देश दिए थे। लेकिन जिले में पिछले सप्ताह में 19 कोरोना संक्रमित लोग मिल चुके हैं। इनके अलावा जिले के रहने वाले तीन लोग कानपुर में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। डीएम रमाकांत पांडेय ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि जिले में 12 हॉटस्पॉट करके उन्हें सील किया गया है। लोगों के सैंपल लगातार जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जिले में ऐसी स्थिति नहीं हैं कि जो गतिविधियां पूर्व में अनुमन्य की गई हैं उनके अलावा और गतिविधियों की अनुमति दी जाए। अगर ऐसा किया जाता है तो संक्रमण बढ़ने की संभावना रहेगी और अभी तक जो मेहनत की गई है और संयम बरता गया है वह सभी व्यर्थ चला जाएगा। डीएम ने कहा कि जिले में 20 अप्रैल व इसके बाद पहले से जारी गतिविधियों के अलावा और गतिविधियों के लिए छूट नहीं दी जा रही है। जो गतिविधि पहले चल रहीं थी, वे ही तीन मई तक चलेंगी। किसी अन्य छूट का औचित्य अगर पाया जाता है तो इसके बारे में अलग से निर्णय लिया जाएगा।